नौहझील।अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह के निजी सचिव और उनके परिचितों को अधिक रिटर्न का लालच देकर 26 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। राजस्थान निवासी एक कथित कंपनी संचालक ने विश्वास में लेकर रकम ऐंठ ली और अब रुपये मांगने पर जान से मारने व झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दे रहा है। एसएसपी के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी को दी तहरीर में नौहझील थाना क्षेत्र के गांव भैरई निवासी चतुर सिंह ने बताया कि 27 मई 2023 को भीलवाड़ा राजस्थान के सोलंकियों का खेड़ा में महाराणा प्रताप की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात चंद्रवीर सिंह नमाणा निवासी नमाणा, जिला बूंदी, वर्तमान निवासी रंगबारी, कोटा सिटी राजस्थान से हुई थी। आरोपी खुद को महाराणा प्रताप स्मारक अभियान का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताता था। इसके बाद आरोपी अक्सर मथुरा आता-जाता रहा और उनसे मित्रता गांठ ली। आरोपी ने उन्हें बताया कि वह महाराणा कैपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक वित्तीय कंपनी चलाता है, जिसमें एकमुश्त निवेश करने पर आकर्षक मासिक आय मिलती है। आरोपी के झांसे में आकर चतुर सिंह ने अपने मित्र सुजान सिंह निवासी अडींग, मथुरा से 27 दिसंबर 2023 को चेक के माध्यम से 5 लाख रुपये पूर्व सांसद के आवास पर आरोपी को रकम दिलवाई।
शुरुआत में आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए जनवरी 2024 से 3 हजार रुपये टीडीएस काटकर मासिक किस्त के रूप में 26 हजार 12 रुपये देना शुरू किया। विश्वास मजबूत होने पर आरोपी ने चतुर सिंह से 29 अप्रैल 2024 को आरटीजीएस के जरिये 5 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी ने चतुर सिंह के मित्र मनवीर सिंह गौड़ निवासी द्वारका, दिल्ली से 21 अक्टूबर 2024 को चेक के जरिए 5 लाख रुपये की रकम ली, चतुर सिंह के छोटे भाई हुकम सिंह से 29 नवंबर 2024 को 6 लाख 50 रुपये तथा गांव के साहब सिंह से 7 जनवरी 2025 को 5 लाख रुपये अपनी कंपनी के नाम आरटीजीएस करवा लिए। शुरुआत में कुछ महीनों तक किस्तों का भुगतान करने के बाद आरोपी ने रकम देना पूरी तरह बंद कर दिया। सीओ अमरनाथ यादव ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर पीड़ित चतुर सिंह की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी चन्द्रवीर सिंह नमाणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।