वृंदावन। धर्म नगरी में एक विदेशी युवक लापता हो गया है। बेलारूस के सालीग्रेस शहर का उलादजीस्लू बेचिक (27) एक माह पूर्व अपने पिता को यह कहकर भारत रवाना हुआ था कि वह अपने साथी से मिलने जा रहा है, लेकिन वृंदावन पहुंचने के बाद वह परिवार से संपर्क नहीं कर रहा है।
पुत्र से संपर्क टूटने के बाद चिंता में डूबे पिता वादजिम बेचिक ने बेलारूस स्थित भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई और खुद भारत पहुंच गए। वर्तमान में वादजिम वृंदावन के रुक्मिणी विहार क्षेत्र में स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे हैं और बीते दो दिनों से वृंदावन, मथुरा और महावन की गलियों में बेटे की तस्वीर लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने स्थानीय कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बेलारूस दूतावास को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। संवाद