संवाद न्यूज एजेंसी
कोसीकलां। नगर की कॉलोनियों में सड़क और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की कवायद शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत यह कार्य किया जाएगा। नगर पालिका परिषद के वार्ड पांच और नौ में 1.05 करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग और सीसी सड़क के साथ नालियों का निर्माण होगा।
जिला नगरीय विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी राजकुमार चौधरी ने अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल द्वारा भेजे गए प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी दी। वार्ड पांच में चार कार्य शामिल किए गए हैं। यहां 30 फुटा रोड पर परशुराम से दरोगा चौपाल के मकान तक 8.26 लाख रुपये खर्च होंगे। राधा विहार कॉलोनी में आचार फैक्टरी के पीछे सानू वाली गली में 11.04 लाख रुपये से इंटरलॉकिंग सड़क और नाली बनेगी। इसी कॉलोनी में लज्जा, सुंदर से आधार फैक्टरी होते हुए हारून मिस्त्री के मकान तक 18.53 लाख रुपये का काम होगा। वार्ड नौ की ऑफिसर कॉलोनी और बिहारीजी कॉलोनी में भी सड़क और नाली निर्माण कराया जाएगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर के बराबर से डॉ. सुखवीर और लोता के मकान से होते हुए मानसिंह के मकान तक 20.75 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वार्ड पांच की राधा विहार कॉलोनी में जिंदल गोदाम से अमर सिंह के मकान तक सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए सर्वाधिक 46.95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन पांचों कार्यों की अनुमानित लंबाई करीब 860 मीटर है।
माभई कुंड का होगा जीर्णोद्धार
नगर पालिका परिषद पौराणिक माभई कुंड का जीर्णोद्धार भी कराएगी। इस कार्य पर 21 लाख 59 हजार 100 रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल ने बताया कि इससे धार्मिक स्थल की स्थिति में सुधार होगा। लोगों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
वर्जन
टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने सभी कार्यों के लिए स्वीकृति दे दी है। निर्माण कार्य पूरे होने पर संबंधित कॉलोनियों में आवागमन सुगम होने के साथ जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी।
धर्मवीर अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष