मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में सोमवार देर रात हाईवे के पास पुलिस की चेन स्नेचर से मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाश से तमंचा और बाइक बरामद हुई है।
जानकारी के मुताबिक कोसीकलां क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित हथाना के पास पुलिस ने एक बाइक सवार को चेकिंग के लिए रोका। रुकने का इशारा करते ही बाइक सवार ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस ने घायल बदमाश को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामकुमार, निवासी नवापुर खानपुर शामली बताया। नवंबर में बदमाश ने चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। कोतवाल अनुज राणा ने बताया कि बदमाश के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।