मथुरा। महिला से लूट और रिटायर्ड दरोगा को गोली मारकर घायल करने के आरोपी लुटेरे को कोतवाली पुलिस ने आठ घंटे की रिमांड पर लेकर तमंचा बरामद किया है। रिमांड पूरी होने पर उसे जेल भेज दिया।
बता दें कि 26 जून को शहर के छत्ता बाजार में महिला लता चतुर्वेदी के गले से सोने की चेन लूटकर भागते लुटेरों ने विरोध में रिटायर्ड दरोगा मथुरेश चतुर्वेदी को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसमें पुलिस एक लुटेरे को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है, जबकि अलीगढ़ के विष्णु गौतम ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुराने मामले में जमानत रद्द कराकर अलीगढ़ जेल चला गया था।
लगातार कोतवाली पुलिस शातिर लुटेरे को रिमांड पर लेने के लिए कोशिश कर रही थी। आखिरकार बुधवार को कोतवाली पुलिस को आठ घंटे की रिमांड मिल गई। बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे मथुरा जेल पहुंचकर कोतवाल सूरज प्रकाश शर्मा ने शातिर लुटेरे को आठ घंटे की रिमांड पर लिया।
उसके बताए स्थान मछली फाटक से पहले रेलवे लाइन के पास से तमंचा बरामद किया। यह तमंचा रिटायर्ड दरोगा को गोली मारने के लिए प्रयोग में लिया गया था। कोतवाल ने बताया कि विष्णु गौतम की निशानदेही पर रेलवे लाइन के पास जंगल से जमीन में दबाया गया तमंचा बरामद किया गया है। लुटेरे को जेल भेज दिया गया है।