मथुरा के गोवर्धन चौराहे के पास सोमवार सुबह एसी के आउटडोर यूनिट में आग लगने से कैफे में धुआं भर गया और अफरातफरी मच गई। समय रहते लोग बाहर निकल गए, जबकि दमकल कर्मियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर अंदर पहुंच आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मथुरा के कोतवाली क्षेत्र स्थित गोवर्धन चौराहे के समीप सोमवार सुबह एक कैफे में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। कैफे में मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों, आसपास के होटल व दुकानों के कर्मचारियों तथा दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, गोवर्धन चौराहे के पास संचालित किंग एंड क्वीन कैफे के मुख्य गेट पर लगे एसी के आउटडोर यूनिट में सुबह करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कैफे के भीतर फैलने लगी। कुछ ही देर में पूरे परिसर में धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सभी लोग किसी तरह बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के होटल और दुकानों के कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कैफे के अंदर प्रवेश कर खिड़कियों के शीशे तोड़कर आग पर काबू पाने का अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
विज्ञापन
गनीमत रही कि घटना के समय कैफे में अधिक भीड़ नहीं थी। यदि उस समय ग्राहकों की संख्या ज्यादा होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण एसी के आउटडोर यूनिट में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।