वृंदावन। ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में ज्येष्ठ माह में 17 मई से शुरू हो रहे अधिक मास में वर्ष के सभी त्योहार मनाए जाएंगे। इस माह में मंदिर में होली, दिवाली, अन्नकूट महोत्सव, गुलाब डोल भी सजेगा। अधिक मास के पहले दिन 17 मई की शाम को मंदिर में दिवाली का त्योहार मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर के सेवायत गोस्वामीजन ने तैयारी शुरू कर दी है। त्योहारों के अनुसार ठाकुरजी को पोशाक धारण कराने के साथ ही पकवान सेवित किए जाएंगे।
15 जून तक चलने वाले पुरुषोत्तम मास में ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में वर्षभर के त्योहार एवं पारंपरिक उत्सव मनए जाएंगे। सेवायत आचार्य मोहित मराल गोस्वामी ने बताया कि एक माह में आराध्य ठाकुर राधावल्लभ लाल पर लाड लड़ाया जाएगा। इसमें होली, गुलाब डोल, नौकाविहार, अन्नकूट, हरियाली तीज, फूलैरा दूज, बसंत पंचमी मनाई जाएगी। वर्ष में होने वाले सभी त्योहार कृष्ण एवं शुक्ल पक्ष में सुबह और शाम होंगे। अधिक मास के पहले दिन 17 मई की शाम को दिवाली मनाई जाएंगी। इसे लेकर तैयारी चल रही हैं। उन्होंने बताया कि त्योहार और पारंपरिक पर्व के अनुसार ठाकुरजी को पोशाक और भोग लगाए जाएंगे। इसके लिए भक्तजन पोशाक तैयार करा रहे हैं। भोग के लिए रसोई में तैयारी चल रही हैं।