आगरा घरेलू गैस सिलिंडर से कार में गैस भरने का प्रयास एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। थाना क्षेत्र के गांव रिठौरी में बुधवार को गैस रिफलिंग के दौरान अचानक लगी आग में एक इको कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास के कमरे में रखा भूसा भी इसकी चपेट में आ गया। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार रिठौरी निवासी बंगाली पुत्र रामवीर सिंह अपने घर के बाहर खड़ी इको कार में घरेलू गैस सिलिंडर से गैस भर रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस रिसाव या अन्य तकनीकी कारणों से कार में आग लग गई और कार धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें पास स्थित कमरे तक पहुंच गईं, जिससे वहां रखा भूसा भी जल गया।
आग लगने की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक इको कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।