मथुरा। मंडी चौराहे पर जाम लगाते भाकियू सुनील के पदाधिकारी।
- फोटो : mathura
मथुरा। गांव कोटा में भूमि अधिग्रहण का मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर चार महीनों से किसान आंदोलनरत हैं। उनके समर्थन में भाकियू सुनील के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने ने मंडी चौराहे पर जाम लगा दिया। उन्होंने जल्द सुनवाई न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंडी चौराहे पहुंचे किसान नेताओं ने दोपहर में करीब आधे घंटे तक जाम लगाकर आवागमन बाधित कर दिया। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। भारतीय किसान यूनियन सुनील के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील चौधरी ने कहा कि 115 दिन से देश का अन्नदाता किसान अपनी जायज मांगों की लड़ाई लड़ रहा है। प्रशासन किसानों की जायज मांगों को नहीं सुन रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा के गांव नगर निगम में आते हैं, लेकिन इनको ग्रामीण एग्रीकल्चर रेट के हिसाब से जिला प्रशासन मुआवजा दे रहा है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी और राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन अपनी किसान विरोधी मानसिकता का परिचय दे रहा है। आज किसान सड़कों पर उतर चुके हैं। अब नेशनल हाईवे पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू होगा, जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान किसानों ने जय जवान जय किसान और किसानों को मुआवजा दो किसानों को न्याय दो के साथ ही किसान विरोधी प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए।
इस मौके पर राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह गावर, उदयभान सिंह जाटव, महानगर अध्यक्ष भारत अग्रवाल, अलीगढ़ जिलाध्यक्ष कौशल बघेल, मोहन श्याम पाठक समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।