कोसीकलां। दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर फरीदाबाद से बाइक पर कोकिलावन शनि मंदिर दर्शन करने जा रहे दो दोस्त सड़क हादसे का शिकार हो गए। एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
फरीदाबाद के सेक्टर-22 स्थित पर्वतीय कॉलोनी निवासी आकाश अपने दोस्त अमित के साथ कोकिलावन शनिधाम के लिए जा रहे थे। अमित मूल रूप से अलीगढ़ के निवासी हैं और फरीदाबाद में आकाश के घर पर ही किराए का कमरा लेकर रहते थे। दोनों लोग फरीदाबाद में ही ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट में काम करते थे। वीकेंड पर दोनों ने अचानक शनिदेव के दर्शन करने की योजना बनाई और बाइक से निकल पड़े। जैसे ही बाइक कोटवन चौकी के पास पहुंची, तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में आकाश की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अमित को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि आकाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन ने बताया कि आकाश की पत्नी गर्भवती है। वह घर के कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत पर परिवार में कोहराम मच गया है।