फरह। कबाड़े की आड़ में चोरी के वाहनों को काटने का गोरखधंधा फरह के एक गोदाम में काफी समय से चल रहा था। पुलिस ने यहां से बड़ी मात्रा में बाइकों के इंजन, साइलेंसर, चेस, पेट्रोल टैंक और नंबर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थाना फरह क्षेत्र में हाईवे पर देशी शराब के ठेके पास मोहल्ला व्यापारियान निवासी काले उर्फ आबिद अपने साथियों के साथ कबाड़ा खरीदने-बेचने का कार्य करता है। मंगलवार शाम पुलिस ने उसके गोदाम पर जांच की। जांच में पता चला कि काटी गई बाइकें फरह के गांव झंडीपुर, रैपुराजाट, गडाया, गढ़ी चुरमुरा के अलावा मथुरा, वृंदावन, आगरा एवं अन्य राजस्थान व हरियाणा से चोरी की गई हैं। अधिकतर बाइकों के मुकदमे फरह एवं अन्य थानों में दर्ज निकले। पुलिस ने मामले में मोहल्ला व्यापारियान निवासी आबिद उर्फ काले, शाहरुख, सलमान, फुरकान, अनवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।