मथुरा। नाजिया उर्फ जन्नत के परिजन ने उसकी माैत का ताना-बाना मथुरा लाने से पहले ही बुन दिया था। युवती के परिजन ने पुलिस का साथ लेने के लिए पहले गुमशुदगी दर्ज कराई और बाद में पुलिस का सहारा लेकर उसके पति के घर राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पचेरीकलां पहुंच गए। पति को झांसे में लिया और घर लाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को उसकी मां फरजाना को भी गिरफ्तार कर लिया है।
नाजिया 18 जून 2026 को अपने घर से चली गई थी। इसके बाद उसने अपने प्रेमी रविंद्र से शादी कर ली थी। इसकी जानकारी होने के बाद भी नाजिया के परिजन ने गोविंद नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को युवती के राजस्थान के झुंझुनूं में होने की जानकारी मिली। रविंद्र ने बताया कि गोविंद नगर थाने के एक उपनिरीक्षक और एक महिला पुलिसकर्मी के साथ नाजिया की मां फरजाना, जीजा आजाद और मौसेरे भाई अकरम रविंद्र कुमार के घर पहुंच गए।
यहां पर उनके साथ स्थानीय पचेरीकलां थाना पुलिस भी थी। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में रविंद्र कुमार के घर से युवती को बरामद किया गया। इसके बाद पुलिसकर्मी और परिजन उसे लेकर मथुरा लौट आए। पति रविंद्र का आरोप है कि मथुरा पहुंचने पर पुलिस ने युवती को परिजन के सुपुर्द कर दिया। माैसेर भाई से निकाह न करने से भी नाराज चल रहे परिजन ने हत्या का इरादा बदलते हुए तलाक का दबाव बनाया। इससे इन्कार करने पर उसकी हत्या कर दी गई।
मामले में पुलिस जांच के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह का कहना है कि मामले में पुलिस ने मंगलवार को नाजिया की मां फरजाना को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में दो आरोपी सगे भाई मोहम्मद कैफ और माैसेरे भाई अकरम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जीजा समेत अन्य की तलाश की जा रही है।
नाजिया भांप गई थी...मार देंगे परिजन
रविंद्र कुमार ने बताया कि शादी के बाद नाजिया ने बताया था कि धर्म परिवर्तन से उसके परिजन नाराज हैं। उसे आशंका थी कि मथुरा लौटने पर परिजन उसके साथ अनहोनी कर सकते हैं। इसी डर के चलते वह पति के घर से आने को तैयार नहीं थी।