टाउनशिप/राया। श्रीहित हरिवंश चंद्र महाप्रभु की जन्मभूमि ग्राम बाद स्थित श्रीकृष्ण सरोवर पर पुलवामा शहीदों की याद में एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें ब्रज क्षेत्र के शहीदों के परिजन, सीआईएसएफ इकाई मथुरा रिफायनरी, 178 व 167वीं वाहिनी बीएसएफ के जवान मौजूद रहे। हिमांजलि फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 8 शहीदों के परिजन का शॉल ओढ़ा कर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। 178वीं वाहिनी के उप कमांडेंट सुनील कुमार यादव ने कहा कि देश पुलवामा हमले के वीर सपूतों की शहादत को कभी नहीं भूल पाएगा। 167वीं वाहिनी के उप कमांडेंट एसके शुक्ला ने कहा कि मातृभूमि के लिए उनकी वीरता और बलिदान कभी नहीं भुलाया जाएगा। सीआईएसएफ यूनिट आईओसी के निरीक्षक गिरीश कुमार ने कहा कि यह देश बहादुर जवानों व उनके परिवारों का सदैव आभारी रहेगा।
नरेंद्र गोस्वामी, कवि रितेश गौतम व दर्शन सिंह निर्मोही ने अपनी कविताओं के माध्यम से अखंड भारत का संदेश दिया। शहीद बबलू सिंह, पुष्पेंद्र, अनुज, रामबाबू चौधरी, कालीचरण, सुबोध कुमार सिंह राठौर, नेम सिंह तोमर और विनोद कुमार के परिजन को सम्मानित किया गया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, राजकुमार सिंह, कृष्ण कुमार, शैलेंद्र सिंह विष्ट मौजूद रहे।
इधर राया में शहीद जवानों को याद करते हुए राष्ट्रीय विद्यार्थी संघ ने मथुरा मार्ग स्थित शहीद देवी सिंह स्मारक पर मोमबत्ती जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विवेक अग्रवाल, कान्हा अग्रवाल, आकाश शर्मा, प्रमोद, गोविंद सिंह, विकास चौधरी, ओम प्रकाश पाठक, चेतन कुशवाह, विजय नौहवार, शिवा अग्रवाल, मोहित कुमार, अमित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।