मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र में तीन टोल बूम तोड़ने के बाद पकड़ी गई शराब से भरी गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगा था। इस मामले में पुलिस ने वाहन स्वामी व चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, मनोज कुमार आदि बाजना कट पर व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी वहां से गुजर रही स्कार्पियो को रुकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस को देख बैरियर में टक्कर मारते हुए गाड़ी को नौहझील-गौमत मार्ग पर दौड़ा दिया। गाड़ी रोकने के लिए नौहझील-गौतम मार्ग स्थित मथुरा अलीगढ़ बार्डर पर बैरियर लगवाया गया।
चालक ने पकड़े जाने के डर से गाड़ी मोड़कर वापस भगा दी। खुद को घिरता देखकर मानागढ़ी मोड़ से नौहझील की ओर करीब 300 मीटर पहले चालक अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़ फरार हो गया। गाड़ी में विभिन्न ब्रांड की 185 बोतलें व 912 पव्वे मिले हैं। बरामद शराब दूसरे प्रांत की अंग्रेजी शराब है। गाड़ी को चेक करने पर नंबर प्लेट फर्जी मिली। सुसंगत धाराओं में वाहन स्वामी व चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद