रीयल लाइफ में एक्टिंग करना बेहद मुश्किल: हेमा मालिनी
- फोटो : अमर उजाला
सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि रीयल लाइफ में एक्टिंग करना बेहद मुश्किल काम है। आज रील लाइफ को छोड़ कर जनता की सेवा करने के उद्देश्य से सांसद बनने के बाद देखा है कि किसान, मजदूर और गरीबों की रीयल लाइफ कितनी मुश्किल है। भले ही रील लाइफ में इसका प्रदर्शन हम लोग करते हैं, लेकिन इसकी वास्तविकता से रूबरू नहीं होते। यहां आकर यह सब देखकर वास्तविकता पता चलती है।
शुक्रवार को गांव खानपुर के छत्तर सिंह आर्य इंटर कालेज में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि गांव रावल के बाद अब एक और गांव को गोद लेने की तमन्ना है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता राजेश चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2017 में प्रदेश को भाजपा के रूप में पूर्ण बहुमत वाली सरकार मिलने वाली है। पूर्व विधायक प्रणतपाल सिंह ने कहा कि सांसद हेमा मालिनी गांवों के विकास के लिए पूरी तरह प्रयासरत हैं। अध्यक्षता विशंभर सिंह तथा संचालन किशन सिंह शर्मा ने किया। प्रधानाचार्य बदन सिंह ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। कवि मनवीर मधुर, सबरस मुरसानी, राजवीर सिंह, जितेंद्र ने काव्य पाठ किया। इस मौके पर प्रो. नरोत्तम वाजपेयी, विनोद प्रधान, दुर्गेश चौधरी, जसवंत सिंह, मितुल पाठक, कुमरपाल प्रधान, रामचंद निषाद आदि मौजूद रहे। छत्तर सिंह आर्य इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में अलीगढ़ के टप्पल ब्लाक एवं मथुरा के नौहझील ब्लाक के नवनिर्वाचित 70 ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया गया।