वृंदावन। रुक्मिणी विहार निवासी एक प्रापर्टी डीलर के आफिस में घुसकर नामजदों ने न केवल मारपीट की गई, बल्कि 20 हजार रंगदारी न देने पर जान से मारने की कोशिश भी की। पीड़ित ने इस मामले में पांच नामजद सहित 12 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
राधा फ्लोरेंस निवासी गोपाल सिंह ने कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वह कृष्णा सात सी ब्लॉक स्थित अपने प्रापर्टी आफिस में अपने पार्टनर अंकित तिवारी के साथ बैठे थे। तभी आरोपी छटीकरा निवासी सोहन सिंह उर्फ सोनू अपने साथ संजू पंडित, दिलीप, सत्य प्रकाश, योगी और करीब 10 अज्ञात के साथ असलाह के साथ ऑफिस में घुस आए।
आरोप है कि सोहन सिंह ने गोपाल सिंह को धमकाते हुए 20 हजार रंगदारी की मांग की। जब गोपाल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। दबंग उन्हें घसीटते हुए ऑफिस के बाहर ले आए और जान से मारने की नीयत से उनके गले में बेल्ट का फंदा डालकर गला घोंटने का प्रयास किया। पार्टनर व अन्य ने बड़ी मुश्किल से बीच-बचाव कराया।