मतदान के दौरान बूथों पर होने वाली किसी भी घटना की सूचना इस बार पल भर में दिल्ली और लखनऊ में बैठे अफसरों तक पहुंचेगी। इसके लिए पोल डे मॉनीटरिंग सिस्टम से सभी पीठासीन अधिकारियों के मोबाइल को जोड़ा जा रहा है। इसका केंद्र कलक्ट्रेट परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम रहेगा।
विधानसभा निर्वाचन 2017 के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार नया सॉफ्टवेयर तैयार किया है, जिससे प्रत्येक मतदान केंद्र के सभी बूथ पर तैनात पीठासीन अधिकारियों के मोबाइल नंबरों को जोड़ा गया है।
10 फरवरी को प्रत्येक पीठासीन अधिकारी अपने मोबाइल नंबर, जनपद कोड, विधानसभा कोड और बूथ नंबर का एसएमएस करते हुए इस सॉफ्टवेयर पर अपना पंजीकरण कराएगा। इसके बाद इसी मोबाइल से बूथ पर मतदान प्रतिशत से लेकर प्रत्येक घटना और गतिविधियों की जानकारी अपडेट की जाएगी।
इसका संदेश भी दिया जाएगा कि पोलिंग पार्टी ने बस्ता ले लिया है। पार्टी मतदेय स्थल पर पहुंच गई है। यहां तक मतदान समय अवधि खत्म होने के बाद भी लाइन में लगे मतदाताओं की सूचना देनी होगी।