लंपी रोग के कारण 31 अक्तूबर तक शासन ने लगा रही है रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
कोसीकलां। दिल्ली गेट पर लगने वाली पशु पैंठ पर लंपी रोग के कारण शासन ने 31 अक्तूबर तक रोक लगा रखी है। इसके बाद भी रविवार को व्यापारियों ने पैंठ लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी, पशु स्वामियों और वाहनों को वहां से हटा दिया। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
लंपी रोग का प्रकोप अभी कम नहीं हुआ है। लगातार पशु इसके शिकार हो रहे हैं। रोग का संक्रमण और अधिक न फैले इसके लिए शासन ने पशुओं की पैंठ लगने और एक स्थान पर एकत्रित किए जाने पर रोक लगाई हुई है। शासन के निर्देश के बावजूद रविवार को दिल्ली गेट स्थित पशु पैंठ में रविवार को पशुओं को लाया गया। काफी संख्या में पशु व्यापारी भी एकत्रित हुए। नियमों के उल्लंघन किए जाने के बारे में जब पुलिस को जानकारी हुई तो चौकी प्रभारी जतिनपाल सिंह वहां पहुंचे और सभी को वहां से खदेड़ दिया।