वृंदावन। बसंत पंचमी से बांकेबिहारी मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में होली की शुरुआत होगी। देशभर से लाखों श्रद्धालु के आने की संभावना के मद्देनजर इस दिन वृंदावन में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके लिए पीएसी की एक कंपनी, 10 एसआई, 70 कांस्टेबल, पांच टीएसआई पांच व 25 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग की गई है।
14 फरवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर बांकेबिहारी मंदिर समेत ब्रज के अन्य मंदिरोें में होली की शुरुआत हो जाएगी। श्रद्धालुओं पर गुलाल बरसेगा। 40 दिवसीय होली उत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस द्वारा बाहरी वाहनों का वृंदावन में प्रवेश बंद रहेगा। सभी प्रवेश मार्गों और उप मार्गों समेत दस नाकों पर बैरीकेडिंग की जाएगी और इन पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आगरा-दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों को छटीकरा मार्ग स्थित मल्टीलेवल पार्किंग पर रोक दिया जाएगा। यमुना एक्सप्रेस-वे से होने वाले वाहनों को दारुक पार्र्किंग, मथुरा की ओर से आने वाले वाहनों को सौ शैय्या अस्पताल के सामने चौहान पार्किंग पर रोका जाएगा। प्रवेश मार्गों से मंदिर तक लोग ई-रिक्शा के जरिए पहुंच सकेंगे। कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि बसंत पंचमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के वृंदावन में आने की संभावना है। इसलिए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए बांकेबिहारी मंदिर, सभी तिराहे-चौराहों और प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इस दिन बाहरी वाहनों का नगर में प्रवेश बंद रहेगा।