मांट (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर हरियाणा से तस्करी कर बिहार जा रहे अंग्रेजी शराब से भरे ट्रक को तस्कर सहित पुलिस ने पकड़ लिया। ट्रक से 10 लाख रुपये कीमत की 480 पेटी शराब बरामद हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक भीम सिंह जावला शनिवार शाम टोल चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह के साथ मांट टोल पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नोएडा की ओर से आ रहे ट्रक को रोक कर तलाशी ली तो उसमें हरियाणा मार्का रेस 7 की 480 पेटी भरी हुई थीं। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेने के साथ चालक आस मोहम्मद निवासी मोहल्ला पंसारियान जनपद शामली को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि वह हरियाणा से शराब को तस्करी के लिए बिहार ले जा रहा था। इंस्पेक्टर का कहना है कि बरामद शराब की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। पकड़े तस्कर के खिलाफ धोखाधड़ी एवं आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।