मथुरा। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शनिवार को मथुरा भ्रमण पर रहेंगे। साथ ही दोपहर तीन बजे पांचजन्य पेक्षाग्रह में नगर निगम की 64 करोड़ रुपये की और विद्युत विभाग की 130 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह सबसे पहले सुबह 11 बजे श्रीबांकेबिहारी का आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद वृंदावन में पागल बाबा मंदिर बिजलीघर का लोकार्पण करेंगे।
ऊर्जा मंत्री के आगमन को लेकर शुक्रवार को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी ने शहर के दो विद्युत केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। वहीं नगर आयुक्त जग प्रवेश ने भी अधीनस्थों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इधर, वृंदावन स्थित तुलसी तपोवन गोशाला में आयोजित गो-महोत्सव में ऊर्जा मंत्री शामिल होंगे। यह कार्यक्रम विश्व जागरण मानव सेवा संघ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद वह पांचजन्य पेक्षाग्रह में नगर निगम के 64.17 करोड़ रुपये के 188 कार्य और विद्युत विभाग के 130.29 करोड़ रुपये के 1574 कार्याें का लोकार्पण करेंगे। ताकि मथुरा-वृंदावन को बेहतर बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।