बिजली चेकिंग के नाम पर शनिवार को घरों में घुसने और व्यापारियों के साथ अभद्रता करने पर विद्युत विभाग की टीम को लोगों ने बंधक बना लिया। दो घंटे तक एसडीओ और अन्य कर्मचारी बंधक रहे। बाद में एसडीओ के गलती स्वीकारने और एक्सईएन को बुलाने के आश्वासन पर उनको जाने दिया गया।
शनिवार की शाम विद्युत विभाग की टीम सीमेंट रोड पर रिंकू लोहिया के यहां चेकिंग करने के लिए पहुंची। टीम में एसडीओ राजेन्द्र प्रसाद, जेई राजुद्दीन के साथ 10-12 लेाग थे। इन्हें संविदा कर्मचारी बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि जब टीम रिंकू लोहिया के यहां चेकिंग को पहुंची तो घर पर महिलाओं के सिवाय कोई नहीं था।
चेकिंग में शामिल कर्मचारियों ने महिलाओं से घर खोलने के लिए कहा। आरोप है कि महिलाओं के मना करने पर कर्मचारी अभद्रता पर उतारू हो गए। तू-तू-मैं-मैं शुरू होने पर अन्य व्यापारी भी सीमेंट रोड पर जमा हो गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। नगर पंचायत अध्यक्ष ने एसडीओ को चेकिंग की
कार्यशैली पर आपत्ति जताई। लोगों ने विद्युत टीम को घेरकर बिठा लिया। एसडीओ के सहायक कर्मचारी की गलती स्वीकारने और जल्द ही एक्सईएन को कस्बा बुलाने के आश्वासन पर उनको मुक्त किया गया।
एसडीओ राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों की आपसी नासमझी से विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी। उन्होंने कहा कि चेकिंग जारी रहेगी।