मथुरा। कोसीकलां में ट्रांसफार्मर पर काम करते हुए कर्मचारी। संवाद
- फोटो : mathura
कोसीकलां (मथुरा)। भरत मिलाप मेले के दौरान मरम्मत कार्य के कारण 9 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे करीब 5 ट्रांसफॉर्मर की सप्लाई को बंद कर दिया। 2000 उपभोक्ताओं के साथ झांकी निर्माता परेशान रहे। यूजर्स सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट्स लिखकर ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ अपनी भड़ास निकालते रहे।
शुक्रवार को सुबह हनुमान मंदिर के सामने डबल खंभे पर रखे ट्रांसफॉर्मर पर कार्य करने के लिए सुबह छह बजे 630 केवीए कैश काउंटर, 400 केवीए माल गोदाम, 250 केवीए /100 केवीए भरतपुरिया पेच एवं 100 केवीए हीरा फोटो स्टूडियो के ट्रांसफाॅर्मर की सप्लाई बंद कर दी। आपूर्ति बंद होने से उमस भरी गर्मी में उपभोक्ता परेशान हो गए। विभागीय अधिकारियों ने सुबह 6 से पूर्वान्ह 11 बजे तक बंद रखने की कहा था, लेकिन तय समय सीमा के अंदर कार्य पूरा नही हुआ तो उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब देने लगा।
आपूर्ति बंद रहने से झांकी सजाने में जुटे लोगों को काफी दिक्कतें हुईं। उपभोक्ता एसके अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बड़े ही शर्म की बात है, इस बार पूरे मेले के समय विद्युत व्यवस्था लगभग फेल रही है। जेई अनूप गौड़ का कहना था मेले के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए कार्य कराया गया था। जबकि मेले के दौरान फाॅल्टों को सही करने के लिए एसडीओ मनीष कुमार सिंह ने 37 कर्मचारियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया।