वृंदावन। नगर निगम द्वारा संचालित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं पंपिंग स्टेशन का बिजली का बिल पिछले चार साल से जमा नहीं हुआ है। बकाया करीब चार करोड़ से अधिक पहुंच गया है। बकाया भुगतान के लिए विद्युत निगम द्वारा भेजे गए नोटिस के बाद नगर निगम में खलबली मची है। जल निगम की निर्माण इकाई ने नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रंधक को पत्र भेजकर बकाया भुगतान करने को कहा है।
नगर में दारुक पार्किंग के समीप आठ एमएलडी के एसटीपी, राजपुर खादर, रुक्मिणी विहार एवं कालीदह सीवरेज पंपिंग स्टेशन के संचालन के लिए पिछले विद्युत कनेक्शनों के बिजली बिलों का भुगतान नगर निगम द्वारा पिछले चार साल से नहीं किया है। बकाया बिल के चार करोड़ 36 लाख 72 हजार रुपये का भुगतान के लिए विद्युत निगम के एक्सईएन अनिल कुमार कपिल ने जलनिगम की निर्माण इकाई को नोटिस जारी किया।
इसे लेकर जलनिगम के एक्सईएन विवेक सिंह ने नगर निगम के महाप्रबंधक को बकाया बिल का भुगतान करने को पत्र भेजा है। विद्युत निगम के एक्सईएन अनिल कुमार कपिल ने बताया कि विद्युत बिल के बकाया भुगतान के लिए नोटिस भेजा है। चार विद्युत कनेक्शन का चार करोड़ से अधिक का बिल बकाया है। यदि बिल का भुगतान नहीं करेंगे तो विद्युत कनेक्शन काट दिया जाएगा।