ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के मथुरा आगमन के पहले दिन ही ब्रज क्षेत्र में बिजली की बेहतरी को योजना बनाई जाने लगी है। मथुरा शहर, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना में अब पूरी बिजली व्यवस्था अंडरग्राउंड की जाएगी।
शनिवार को मथुरा आए ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दक्षिणांचल के एमडी सत्यवीर सिंह राठौर, चीफ इंजीनियर देवेंद्र सिंह, मथुरा के एसई देहात आरपीएस राठौर, शहरी एसई प्रदीप मित्तल, एक्सईएन गोवर्धन राजीव कालरा और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें बिजली व्यवस्था को अंडरग्राउंड करने का रोडमैप तैयार करने के लिए कहा गया। मथुरा के प्रमुख धार्मिक स्थलों की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट 15 दिन में मांगी गई है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बीपीएल कार्डधारक को मुफ्त में बिजली कनेक्शन मिलेगा और 100 यूनिट तक तीन रुपये यूनिट के हिसाब से वसूला जाएगा। हर गांव, हर घर को बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने खेत पर घर बना लिए हैं वहां तक भी बिजली की भूमिगत लाइन बिछाकर बिजली दी जाएगी। सभी कनेक्शन धारकों के मीटर भी लगाए जाएंगे।
ऊर्जामंत्री ने दिया स्वच्छता का संदेश
ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा ने भाजपा जिला कार्यालय से रंगेश्वर मंदिर तक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ झाडू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। प्रत्येक दुकानदार से स्वच्छता का ख्याल रखने को कहा। उन्होंने कहा कि वो अगले शनिवार को फिर आएंगे। दुकान के आगे गंदगी नहीं मिलनी चाहिए। ये मेरा आदेश नहीं आग्रह है। पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान में ब्रजवासियों को भी पूर्ण भागेदारी निभानी है।