मथुरा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस संगठन की कलई खुल गई। तमाम कोशिशों के बाद भी कांग्रेस के दिग्गज जिला पंचायत के 33 वार्डों में प्रत्याशी तक नहीं उतार सके। वहीं जितने प्रत्याशी उतारे, उनमें से जिलाध्यक्ष अपनी जमानत तक नहीं बचा सके। पार्टी के इस फिसड्डी प्रदर्शन की रिपोर्ट जिला प्रभारी ने पार्टी हाईकमान को भेज दी है।
कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेताओं ने जिला पंचायत चुनाव में अपनी ताकत बढ़ने के बहुत दावे किए थे, परंतु पार्टी सभी 33 वार्डों में अपने प्रत्याशी तक नहीं उतार सकी। उसने सिर्फ 21 वार्डों पर ही अपने प्रत्याशी उतारे। चुनाव लड़ने में जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी सहित किसान मोर्चा के अध्यक्ष तक शामिल थे। जिन वार्डों में पार्टी ने प्रत्याशी तक नहीं उतारा उन वार्ड में एक, छह, सात, आठ, 11, 12, 15, 18, 21, 22, 28 और 33 शामिल हैं। चुनाव में कोई भी प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा पाया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में खराब प्रदर्शन की रिपोर्ट जिला प्रभारी अमित सिंह ने प्रदेश हाईकमान को भेज दी है।