समय से पूर्व बंद हुए बांकेबिहारी मंदिर के पट
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर प्रबंध कमेटी के चुनावों के लिए नामांकन एक अप्रैल से शुरू हो जाएंगे। इसके लिए युवा गोस्वामी वर्ग उत्साहित है। इनमें जो युवा इस वर्ष पहली बार अपने मतदान का प्रयोग करेंगे वे खासे उत्साहित हैं।
24 अप्रैल को होने वाले मतदान में वह पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग इस उम्मीद के साथ करेंगे कि अस्तित्व में आने वाली नई प्रबंध कमेटी विकास के साथ ही व्यवस्थाओं में सुधार करेगी।
युवा मतदाता सेवायत ब्रजकृष्ण गोस्वामी ने उम्मीद जताई है कि विश्व विख्यात बांकेबिहारी मंदिर में आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं को बनने वाली नई कमेटी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सकेगी।
आदित्य गोस्वामी ने कहा कि मंदिर के अंदर प्राचीन परंपराओं के निर्वहन के साथ श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप व्यवस्थाएं होनी चाहिए। नई कमेटी को पूर्व की घटनाओं से सबक लेते हुए मंदिर की मान मर्यादा और प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए कार्य करने होंगे।
श्रीनिधि गोस्वामी ने कहा कि मंदिर क्षेत्र में सफाई, शुद्ध पेयजल, प्रकाश, सड़क आदि मूलभूत सुविधाओं के साथ नई कमेटी को शौचालय और चिकित्सालय जैसी जरूरी व्यवस्था पर ध्यान देना होगा।