श्रीकृष्ण बलराम मंदिर (इस्कॉन) बुधवार की शाम हरे राम-हरे कृष्ण के संकीर्तन से गुंजायमान हो गया। मौका था ठाकुरजी के श्रीविग्रहों को नौका विहार कराने का। इस्कान मंदिर के जगमोहन में तीन फुट पानी भरकर प्रतीकात्मक यमुना का स्वरूप दिया गया। इसमें गेंदा, गुलाब, गुल्दावरी, आर्किड, कुंद, जरवरा आदि के फूलों की पंखुड़ियों सहित सुगंधित द्रव्य डाले गए।
विभिन्न प्रकार के फूलों से सुसज्जित नौका में मंत्रोच्चारण और शंख ध्वनि के बीच श्रीविग्रहों को नौका में विराजमान कराया गया, तभी मंदिर की छत से फूलों की वर्षा होने लगी। संपूर्ण मंदिर प्रांगण ठाकुरजी के जयघोष से गूंज उठा। इस मौके पर देश और विदेश के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में प्रतीकात्मक यमुना में ठाकुरजी को नौका विहार कराते समय अपने को धन्य मान रहे थे।
मंदिर प्रांगण में श्रद्धालु हरे राम-हरे कृष्ण का संकीर्तन करते हुए नृत्य करने लगे। मंदिर परिसर में फूलों और रंगों से रंगोलियां भी बनाई गईं। इस अवसर पर इस्कान वृंदावन के प्रेसीडेंट पंचगौड़ादास, नीलमाधव दास आदि उपस्थित रहे।