बांकेबिहारी मंदिर प्रबंध कमेटी के चुनावों की तिथि घोषित कर दी गई है। कमेटी के चार सदस्यों का चुनाव 24 अप्रैल को होगा। जल्द ही मंदिर प्रबंधन की ओर से अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
चुनाव की घोषणा होते ही सेवायतों ने मंदिर प्रबंधन से संपर्क कर वोटर लिस्ट में नाम बढ़ाने संबंधी आवेदन देने शुरू कर दिए हैं।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर प्रबंध समिति का चुनाव तीन वर्ष बाद हो रहा है। इसके लिए युवा गोस्वामी वर्ग में काफी उत्साहित है। गोस्वामी वर्ग अन्य लोग भी मताधिकार का प्रयोग करने के लिए तैयार हैं। राजभोग और शयनभोग के सेवायतों ने मंदिर कार्यालय से फार्म लेकर नए नाम बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया गया है कि बीते दो दिन में लगभग 26 मतदाताओं के नाम बढ़ाए जा चुके हैं। बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा के अनुसार चुनाव के लिए सभी तैयारी कर ली गई हैं। नाम बढ़ाने का कार्य तेजी के साथ चल रहा है।
जल्द ही अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल को मंदिर प्रबंध कमेटी का चुनाव होगा। संभवत: उसी दिन मतों की गणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।