मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र के ग्राम झरौठा में मंगलवार देर रात घर पर अकेली रह रही 80 वर्षीय वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दिए जाने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला दबाना आया है।
मृतका चिरौंजा देवी पत्नी सुरेश बाबू निवासी ग्राम झरौठा मकान में अकेली रहती थीं। बेटे का पहले निधन हो चुका है। नाती दिल्ली और आगरा में रहते हैं। दो बेटियां हैं। बुधवार दोपहर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई, कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। परिजनों व पुलिस को सूचना दी गई।