चौमुहां। थाना जैंत क्षेत्र के गांव चौमुहां में सोमवार देर रात 60 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन द्वारा जल्दबाजी में किए अंतिम संस्कार ने मामले को पेचीदा बना दिया है। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव तारसी निवासी वृद्धा के मायके वालों ने बेटों और बहुओं पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि पुलिस को कुछ फोटो मिले हैं, जिनमें चोट के निशान दिख रहे हैं।
चौमुहां निवासी शकुंतला की मौत सोमवार रात को हुई थी। मंगलवार सुबह परिजन ने आनन-फानन शव का दाह संस्कार कर दिया। जब इसकी सूचना वृद्धा के मायका पक्ष को मिली, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप लगाया कि महिला के चेहरे पर चोट के गहरे निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि संपत्ति या घरेलू कलह के चलते बेटों और बहुओं ने मिलकर उनकी हत्या की है।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, अंतिम संस्कार हो जाने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। सीओ पीतमपाल सिंह ने बताया कि वृद्धा के मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस को कुछ फोटो भी मिले हैं, जिनमें महिला के चेहरे पर चोट के निशान दिख रहे हैं। पुलिस गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।