कोसीकलां में परीक्षा के बाद पेपर पर चर्चा करती छात्राएं।
कोसीकलां। सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ) की ओर से सोमवार को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा कराई गई। परीक्षा देकर लौटे विद्यार्थियों ने कहा कि प्रश्न एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित था। पत्र में अभिव्यक्ति और माध्यम व व्याकरण के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान और सीधे थे, जिससे अंक बढ़ाने में मदद मिलेगी। हालांकि साहित्य और विज्ञान से पूछे गए प्रश्न कठिन और घुमावदार रहे।
सिटी कोआर्डिनेटर शैलेंद्र सिंह ने बताया जनपद के 30 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं के पेपर में 5332 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 5272 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। 60 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के लिए नगर में एमडी जैन पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर और विद्या देवी जिंदल स्कूल परीक्षा केंद्र पर आदर्श विद्या मंदिर, जवाहर नवोदय विद्यालय, एसपीएस अकेडमी, मार्डन इंटरनेशनल अकेडमी, एडीपी अकेडमी आदि के 9880 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
एमडी जैन में केंद्र व्यवस्थापक डाॅ. नरेंद्र शर्मा ने सीसीटीवी से निगरानी की। परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थी केंद्रों के बाहर अपने साथियों के साथ पेपर पर चर्चा करते नजर आए। रश्मि ने कहा कि हिंदी का पेपर काफी अच्छा रहा। उन्हें भरोसा है कि इस बार अच्छे नंबर मिल जाएंगे। वहीं प्रशांत ने भी पेपर को बेहद सरल बताया है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे प्रश्न परीक्षा में आए, जो उन्होंने पढ़ाई के दौरान कई बार रिवीजन किए थे। पूरा पेपर आत्मविश्वास के साथ हल किए हैं। प्रशांत के अनुसार, पेपर 80 अंकों का था और उन्हें उम्मीद है कि 65 से अधिक अंक आसानी से मिल जाएंगे।