हाल ही में भूकंप से हुई तबाही का मंजर धुंधला हो ही रहा था कि मंगलवार को धरती फिर डोली। लोगों को नेपाल में हुई तबाही फिर याद आने लगी। जो भवनों के अंदर थे वो बिना देर किए बाहर दौड़े। हालांकि शहर में किसी नुकसान की सूचना तो नहीं थी लेकिन चर्चाओं का लंबा दौर चला।
मंगलवार को दोपहर में लोग दिनचर्या के अनुसार व्यस्त थे। छुट्टी के दिन कारोबारी घरों में परिवार के साथ थे। सरकारी कार्यालयों में आम दिन की तरह कार्य चल रहा था। इसी दौरान धरती डोलने से लोग सन्न रह गए। जो कार्य कर रहे थे वो दौड़ कर बाहर की तरफ आए।
जानकार लोगों ने भूकंप की हकीकत को परखने के लिए मेज पर पानी से भरा गिलास रखा तो नजर आया कि भूकंप के ये झटके दो-तीन बार आए थे। हालांकि इनकी तीव्रता पहले वाले झटके से कम थी ऐसे में बहुत से लोग इसे महसूस नहीं कर पाए।
बाजार में जगह-जगह भूकंप की चर्चाएं होने लगी। लोग टीवी चैनलों से चिपक गए। यहां भूकंप की तीव्रता 7.4 रिक्टर जानने के बाद बेचैनी और बढ़ गई। शहर के बीच पुरानी इमारतों में रहने वाले खासे परेशान नजर आए।