वृंदावन। बस स्टेशन पर यात्रियों को लेकर ई-बस परिचालक एवं ट्रेवल्स एजेंसी के लोगों के बीच भिड़ंत हो गई। एजेंसियों के आधा दर्जन लोगों ने मारपीट कर दो परिचालकों का सिर फोड़ दिया और एक घायल को कर दिया। उनकी टिकट बनाने की मशीन तोड़ दी। घटना से बस स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। पीड़ित परिचालक ने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिचालक हड़ताल पर चले गये। ईबस सेवा बंद रही।
बुधवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे नगर विकास विभाग की ईबस यूपी 85 सीटी 4551 में चौमुहां निवासी परिचालक प्रशांत बरसाना के लिए यात्रियों को बैठा रहे थे तभी इसी डिपो के परिचालक विनोद व प्रदीप भी अपनी बसों में यात्रियों को बैठाने लगे। आरोप है कि ज्योति टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी का मालिक हैप्पी अपने साथियों के साथ बस के समीप पहुंचा और यात्रियों को ईबस से उतारकर अपनी निजी गाड़ी में बैठाने लगा। जब परिचालकों ने इसका विरोध किया तो ट्रैवल्स एजेंसी के मालिक और उसके साथियों ने परिचालकों से मारपीट कर दी। इससे ईबस के परिचालक प्रशांत का सिर फोड़ दिया। यहां मौजूद ई बस के परिचालक विनोद एवं प्रदीप बचाने आए तो उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस को देख आरोपी भाग गए। पुलिस ने परिचालक की तहरीर पर एजेंसी के मालिक हैप्पी, उसके साथियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली पहुंचे पीएमआई के एआरएम राधा कृष्ण ने बताया कि यात्रियों को ईबस से उतारकर अपने निजी गाड़ी में ले जाने को लेकर मारपीट हुई है। तीन परिचालक घायल हैं। दो टिकट मशीन तोड़ दी हैं। जब तक हमला करने वालों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक ई बसों का संचालन बंद रहेगा। सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि ई बस के परिचालक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। वीडियो भी देखी जा रही हैं।