बरसाना (मथुरा)। कस्बे के मुख्य बाजार में परचून व्यापारी का दो लाख रुपयों से भरा थैला संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। सीसीटीवी फुटेज में कोई थैला लेकर जाता दिखाई नहीं दिया है। पुलिस जांच में जुटी है।
गोवर्धन निवासी परचून व्यापारी नहनु कस्बे में उधारी के रुपयों की उगाही करने आए थे। इस दौरान दो लाख रुपयों से भरा बैग स्थानीय व्यापारी की दुकान पर रखकर अन्य दुकानदारों से मिलने चले गए। लौट कर दुकानदार से बैग मांगा तो उसने बैग न होने की बात कही। अन्य व्यापारी एकत्र हो गए और थाने गए। जानकारी थाना प्रभारी अरविंद निर्वाल को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों में दुकान से कोई थैला लेकर जाता दिखाई नहीं दिया। घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, जांच कराई जा रही है।