ट्रक ड्राइवर बल्देव सिंह फाइल फोटो
- फोटो : mathura
रिफाइनरी (मथुरा)। थाना रिफाइनरी क्षेत्र के रिफाइनरी इंडस्ट्रियल एरिया में पुलिस को एक ट्रक के अंदर चालक घायल अवस्था में मिला। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। चालक के शरीर पर कई जगह चाकू के गहरे निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि लुधियाना पंजाब निवासी बलदेव सिंह ट्रक में लुधियाना से लोहा लाद कर कोलकाता जा रहा था। वह बृहस्पतिवार की रात 12.30 बजे लुधियाना से कोलकाता के लिए चला। शुक्रवार सुबह सुबह 10.24 बजे पुलिस को सूचना मिली कि राजमार्ग से थोड़ा हट कर ट्रक में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे स्वर्ण जयंती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
ट्रक मालिक के बहनोई जयवीर सिंह ने बताया कि उनकी फोन पर बलदेव सिंह से बात हुई थी। उस समय उसने ऐसी कोई बात उनको नहीं बताई थी। जयवीर सिंह का कहना था कि गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगे हैं। चालक से भी सुबह-शाम बात कर लेते हैं। दोपहर बाद तीन बजे रिफाइनरी थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि चालक घायल मिला है। रिफाइनरी सीओ श्वेता वर्मा ने बताया ट्रक चालक गंभीर अवस्था मिला था, उसे अस्पताल भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया जाएगा एवं तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।