मध्य प्रदेश से दोस्तों के साथ गिरिराज परिक्रमा करने आया युवक बुधवार को स्नान के दौरान राधाकुंड में डूब गया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे गोताखोर भागीरथ कश्यप ने युवक के शव को कुंड से बाहर निकाला। परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है।
बुधवार देर शाम तक गोताखोरों ने नाव में बैठकर लोहे के कांटे रस्सी की मदद से कुंड में डालकर युवक की तलाश की, लेकिन रात हो जाने के कारण अभियान को रोक देना पड़ा था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे गोताखोर भागीरथ कश्यप ने शव को बाहर निकाला।
इस दौरान युवक के परिजन राधाकुंड पर मौजूद रहे। परिजन ने बताया कि मृतक राज साहू राधाकुंड में स्नान करते समय पैर फिसल जाने के कारण गहरे जल में चला गया था। मौके पर मौजूद चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के पिता के अनुरोध पर शव का पंचनामा भरकर शव परिजन को सौंप दिया है।