मैनपुरी में विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता वितरण खंड प्रथम के कार्यालय में उस समय हंगामा मच गया, जब रॉ का एजेंट बताते हुए युवक ने बवाल मचा दिया। उसने कार्यालय में रखे दस्तावेज तक फाड़ डाले। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
मैनपुरी में विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता वितरण खंड प्रथम के कार्यालय में बृहस्पतिवार को एक उपभोक्ता ने जमकर हंगामा काटा। कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर अभिलेख फाड़े। रोक-टोक करने पर हाथापाई की और स्वयं को रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) का एजेंट बताकर कर्मचारियों को धमकाने लगा। पुलिस ने पिता-पुत्र को पकड़ा। अधिशासी अभियंता ने दोनों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है।
विज्ञापन
अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने बताया है कि रामप्यारी देवी निवासी चांदेश्वर रोड, गणेश कालोनी के नाम पर दो किलोवाट का अस्थायी कनेक्शन 16 नवंबर 2024 को लिया गया था। रामप्यारी के पति रामपाल ने स्थायी कनेक्शन के लिए एक मार्च 2025 को उपखंड कार्यालय में आवेदन किया। पांच मार्च को अधिशासी अभियंता प्रथम कार्यालय में तैनात कंप्यूटर आपरेटर विवेक पांडेय ने उन्हें बकाया धनराशि जमा कराने के लिए कहा था।
मगर, धनराशि का भुगतान नहीं कराया गया। रामपाल अपने बेटे कृष्णकांत यादव के साथ कार्यालय आए। स्थायी कनेक्शन न होने की बात कहकर नाराज होने लगे। उनसे बिना बकाया धनराशि जमा करने की प्रक्रिया पूर्ण न होने की बात कही गई तो वे भड़क गए। शराब के नशे में धुत कृष्णकांत यादव ने पहले तो कार्यालय में अभिलेख फाड़े और उसके बाद गाली-गलौच की। रोकने पर स्वयं को रा का एजेंट बताते हुए धमकाया। कर्मचारी से हाथापाई की। तत्काल पुलिस को बुलाया। पिता-पुत्र के खिलाफ तहरीर दी गई है।