मथुरा। बीएसए पीजी कॉलेज के शिक्षा संकाय में शुक्रवार को पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हो गई। शुभारंभ प्राचार्य प्रो. ललित मोहन शर्मा, मुख्य अनुशासन अधिकारी प्रो. एसके राय व विशिष्ट योग प्रशिक्षक तारकेश डागुर ने किया। शिक्षकों ने योग कर नियमित रूप से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
प्रो. ललित मोहन शर्मा ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम है। यह छात्रों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। शिक्षा संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. बीके गोस्वामी ने कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है। जब मार्गदर्शक स्वयं मानसिक और शारीरिक रूप से संतुलित होगा तभी वह अपने विद्यार्थियों को भी वही अनुशासन और स्थिरता सिखाएगा।
तारकेश डागुर ने कहा कि शिक्षा और योग एक-दूसरे के पूरक हैं। शिविर के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक शिक्षक योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाए ताकि वे अपने छात्रों को भी इस जीवनशैली के लाभों से अवगत करा सकें। डॉ. एसएस सिंह, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. भावना सिंह, डॉ. अनु गर्ग, डॉ. सोनू जाना, डॉ. नीतू अग्रवाल आदि मौजूद रहे।