मथुरा। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने शिक्षकों, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और ग्राम सचिवों के साथ अलग-अलग बैठकें करके सहयोग मांगा। कहा कि गणना प्रपत्र को भरने में सभी अपने इलाकों में मतदाताओं की मदद करें। जिला प्रशासन इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों को पुरस्कृत करेगा।
किशोरी रमण बालिका स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के साथ आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि छात्राओं के अभिभावकों, पड़ोसियों, रिश्तेदारों, संबंधियों तथा आसपास के क्षेत्र वालों को गणना प्रपत्र भरकर शीघ्र बीएलओ को उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आप लोगों के सहयोग से उक्त कार्य को बल मिलेगा।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से आग्रह किया कि अपने-अपने बीएलए नियुक्त करें। बीएलए अपने बीएलओ से समन्वय स्थापित करते हुए एसआईआर के कार्य को गति प्रदान करें। इस दौरान सीडीओ मनीष मीना, डीएफओ वेंकटा श्रीकर पटेल, एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार, जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों उपस्थित रहे।
इसके बाद डीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी ग्राम सचिवों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी के साथ बैठक की। सभी ग्राम सचिवों को एक्टिवेट करते हुए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत सहायकों को शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 27 नवंबर को सायं 6 बजे, 28 नवंबर को प्रातः 10 बजे तथा सायं 6 बजे सभी ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाएं। उन्होंने कहा कि चौपाल के माध्यम से सभी ग्रामवासियों के गणना प्रपत्र को भरवाने में मदद करें।