मथुरा। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार कान्हा की नगरी में स्थित प्रसिद्ध ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर में इस बार दिवाली महोत्सव 20 अक्तूबर को और गोवर्धन पूजा तथा अन्नकूट दर्शन 21 अक्तूबर को मनाए जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से समयानुसार दर्शन व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि मंदिर के गोस्वामी डॉ. वागीश कुमार महाराज की आज्ञानुसार 20 अक्तूबर को लक्ष्मी-गणेश पूजन होगा। इसके बाद शयन दर्शन से पूर्व कान-जगाई कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके अगले दिन 21 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से गोवर्धन पूजा की जाएगी। शाम चार बजे से 7:30 बजे तक भाव अन्नकूट के दर्शन होंगे। मंदिर प्रांगण में विशेष सजावट और भोग प्रसाद की भव्य व्यवस्था की जाएगी। त्योहार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।