मथुरा। प्रदेश स्तरीय जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के लिए जनपद की टीम के चयन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खेल निदेशालय लखनऊ एवं यूपी बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आज स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम गणेशरा में जनपदीय जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ी आगरा मंडल की टीम में स्थान बनाने के लिए चार जुलाई को होने वाले मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे।
उप क्रीड़ा अधिकारी आजाद सिंह ने बताया कि प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता 10 से 13 जुलाई तक गोरखपुर तथा जूनियर बालिका प्रतियोगिता 15 से 18 जुलाई तक वाराणसी में होगी। इनमें भाग लेने वाली मंडल की टीम का चयन चार जुलाई को आगरा में किया जाएगा। इसी उद्देश्य से मथुरा जनपद के खिलाड़ियों का आज दोपहर तीन बजे से चयन ट्रायल आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि ट्रायल में केवल वही बालक एवं बालिकाएं भाग लेने के पात्र होंगे जिनकी जन्मतिथि एक जनवरी 2010 से 31 दिसंबर 2011 के बीच है। खिलाड़ियों को ट्रायल के दौरान जन्मतिथि का मूल प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए बॉक्सिंग प्रशिक्षक धीरेंद्र सिंह यादव के मोबाइल नंबर 8218770568 पर संपर्क कर सकते हैं।