मथुरा। इस समय जिला जेल के अधिकारी नई अस्थाई जेल की तलाश में जुटे हैं। कोरोना के कारण विद्यालय में बनाई गई अस्थाई जेल को रतनलाल फूल कटोरी कॉलेज के प्रबंधतंत्र ने खाली करने को कहा है। जेल अधिकारियों ने कई सरकारी तथा प्राइवेट भवनों को देखा है लेकिन अभी कोई पसंद नहीं आया है।
कोविड-19 के कारण जेल अधिकारियों द्वारा अस्थाई जेल में बंदियों को रखने के लिए रतन लाल फूल कटोरी कॉलेज के एक हिस्से का प्रयोग किया जा रहा था लेकिन अब विद्यालय में छात्र आने लगे हैं तो विद्यालय प्रबंधतंत्र ने जेल अधिकारियों से अपनी बिल्डिंग से अस्थाई जेल हटाने को कहा है। फिलहाल कोई अन्य स्थान न होने के कारण अस्थाई जेल को हटाया नहीं जा रहा है लेकिन जेल अधिकारियों द्वारा अन्यत्र तलाश की जा रही है। उनके द्वारा डेंपियर नगर के किसान भवन को भी इसके लिए देखा पर सुरक्षा तथा स्वास्थ्य कारणों से उसका चयन नहीं किया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक शैलेंद्र मैत्रेय ने बताया कि हम कोशिश कर रहे हैं और जल्द ही नए स्थान पर अस्थाई जेल बना देंगे।