मथुरा के वृंदावन में प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर और मंदिर न्यास को लेकर उठ रही आशंकाओं पर जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने सोमवार को स्थिति स्पष्ट की। अधिकारियों ने कहा कि सेवायत गोस्वामीजनों की सेवा-पूजा, दान-दक्षिणा और धार्मिक परंपराओं में किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।
यह भरोसा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने ब्रज वृंदावन देवालय समिति के पदाधिकारियों को परिषद के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान दिया। डीएम ने बताया कि बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर का निर्माण उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार किया जा रहा है और इसके तहत एक मंदिर न्यास का गठन भी किया गया है।