क्षेत्र पंचायत मांट की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान सदन छोड़कर बाहर आ गए। किसी तरह उन्हें समझाबुझाकर बैठक में ले जाया गया। लेकिन, ब्लॉक प्रमुख के साथ उनके पति की ओर से बार-बार हस्तक्षेप किए जाने से फिर हंगामा हो गया। एसडीएम के पहुंचने के बाद बैठक सुचारु चली।
मंगलवार को खंड विकास अधिकारी ने 10 बजे ब्लाक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक बुलाई थी। लेकिन ये बैठक जब दोपहर 12 बजे तक शुरू न हुई तो सदस्यों में रोष फैल गया। विरोध स्वरूप सभी सभाकक्ष से बाहर निकल आए। नारेबाजी करते हुए बैठक स्थगित करने की मांग करने लगे। आखिरकार किसी तरह सदस्यों को मनाए जाने के बाद बैठक शुरू हुई।
इस दौरान सदस्यों ने आरोप लगाया कि विकास प्रस्तावों में उनकी सहमति नहीं ली जा रही है। मनमानी हो रही है। सदस्यों की आपत्तियों का जवाब ब्लॉक प्रमुख कल्पना सोनी के बजाय उनके पति विशाल सोनी दे रहे थे। इस पर सदस्य फिर उखड़ गए। एक बार फिर हंगामा हो गया। सवाल उठाए गए कि ब्लॉक प्रमुख पति को मंच पर किस व्यवस्था के तहत सीट दी गई है। बाद में बैठक में पहुंचे एसडीएम सदानंद गुप्ता ने सदस्यों को शांत कराते हुए बैठक शुरू कराई। बैठक में प्रधान विजेंद्रपाल सिंह, उमेश चौधरी, भगवान सिंह, प्रधान सुभाष सिंह राघव ने सुझाव भी रखे।