वृंदावन। नगर की जर्जर विद्युत व्यवस्था में विद्युत निगम बिजनेस प्लान के तहत बड़ा सुधार करने जा रहा है। करोड़ों रुपए से जहां विभिन्न क्षेत्रों के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जा रही है वहीं जगह-जगह झूलते जर्जर तारों को बदलकर नए तार लगाए जाएंगे। इसके अलावा 40 स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य होगा। यह कार्य तीन एजेंसियों द्वारा किया जा रहा है।
आस्था का केंद्र वृंदावन में दो लाख से अधिक श्रद्धालु प्रतिदिन आते हैं। ऐसे नगर में जर्जर और झूलते तार, कम क्षमता के पुराने ट्रांसफार्मर और अधिक लोड के कारण गड़बड़ाती विद्युत आपूर्ति में सुधार लाने के लिए विद्युत निगम ने बिजनेस प्लान के तहत बड़ा सुधार कार्य तीन एजेंसियों द्वारा किया जा रहा है। इसमें जहां कई दशकों से नगर में 140 फीडर थे। 12 नए फीडर बनाकर चिह्नित एवं मंदिरों वाले क्षेत्रों में अधिक विद्युत लोड की समस्या से निजात मिलेगी। इससे फॉल्ट हो जाने की स्थिति में पूरे क्षेत्र की बिजली का शटडाउन न कर जरुरत के अनुसार उस क्षेत्र के एक हिस्से की ही बिजली शटडाउन कर फॉल्ट ठीक किया जा सकेगा। 70 पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता लोड के अनुसार बढ़ाए जाने, 40 स्थानोें पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने एवं लगभग 6 किलोमीटर जर्जर तारों को बदलकर उनके स्थान पर नए तार डालने का कार्य किया जाएगा। एजेंसियों द्वारा किए जा रहे सुधार कार्य की मॉनीटरिंग एसडीओ और एक्सईएन स्तर के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। यह कार्य एक माह में पूरा कर लिया जाएगा।
एक्सईएन टेक्नीकल अनिल पाल ने बताया कि नगर में बड़े स्तर पर विद्युत सुधार संबंधी कार्य हो रहे हैं। 25 करोड़ की लागत से बिजनेस प्लान से कार्य कराए जा रहे हैं। कार्य पूरा हो जाने पर नगर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो सकेगी। जिस तरह से विद्युत लोड बढ़ रहा है, उसके अनुसार ही पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाने के साथ ही चिहि़्त क्षेत्रों में नए 40 ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।