वृंदावन। रंगभरनी एकादशी पर बांकेबिहारी मंदिर सहित सप्त देवालयों में टेसू के फूलों से होली का शुभारंभ होगा। लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है।
क्षेत्राधिकारी सदर संदीप सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे वृंदावन को चार जोन और आठ सेक्टरों में बांटा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक जोन की निगरानी करेंगे। सेक्टरों की कमान क्षेत्राधिकारियों को सौंपी गई है। मंदिर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग और अस्थायी रेलिंग लगाई गई है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की गई है।
मंदिर के अलावा तीन खोया-पाया केंद्र और भी बनाए गए हैं जो कि विद्यापीठ चौराहा, चीरघाट और पीपल घाट पर हैं। बाहरी जिलों से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाई है। 9 मार्च की रात से ही पुलिस बल तैनात कर दिया जाएगा जो 10 मार्च की रात तक मुस्तैद रहेगा। चार पहिया वाहनों को एंट्री भी प्रतिबंधित रहेगी।
यह है फोर्स
2 अपर पुलिस अधीक्षक, 5 क्षेत्राधिकारी, 25 इंस्पेक्टर, 81 दरोगा, 11 महिला दरोगा, 40 कांस्टेबल, 25 महिला आरक्षी, एक कंपनी पीएसी बल और गोताखोर तैनात।
नगर निगम ने भी तैयारियां कीं
रंगभरनी एकादशी को देखते हुए नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। शहर में 5 से 10 स्थानों पर गुलाल काउंटर लगाए जाएंगे। चैतन्य विहार और जादौन पार्किंग में दो पंडाल सजाए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को फल और गुलाल वितरित किया जाएगा। सफाई, सीवर और बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। परिक्रमा मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए श्रद्धालुओं को निधिवन से राधा रमन होते हुए निकाला जाएगा, केसी घाट से चीर घाट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने में भी जुटी हुई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।