श्री बांकेबिहारी मंदिर में अपने आराध्य के दर्शन करते श्रद्धालु। संवाद
वृंदावन। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में रविवार को भी आराध्य के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। विद्यापीठ चौराहा से लेकर बांकेबिहारी मंदिर को जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। वहीं मंदिर के प्रवेश द्वारों पर मंदिर में घुसने के लिए श्रद्धालुओं के बीच आपाधापी मच गई। भीड़ होने पर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार सुबह मंदिर के पट खुलने से डेढ़ घंटे पहले ही ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु द्वार पर पहुंच गए। मंदिर के पट खुले तब तक द्वार से लेकर प्रवेश मार्ग श्रद्धालुओं से भर गए। मंदिर मार्ग एवं श्रीबांकेबिहारी बाजार में पुलिसकर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी। मंदिर में भीड़ के दबाव को कम करने के लिए विद्यापीठ चौराहा से बांकेबिहारी पुलिस चौकी तक पुलिस ने तीन होल्डिंग एरिया बनाए। मोटे रस्सों की मदद से श्रद्धालुओं को 2 से 5 मिनट तक रोक-रोककर मंदिर की ओर भेजा गया। वहीं जुगलघाट की ओर से भी मंदिर की ओर आने वाले श्रद्धालुओं को दो स्थानों पर रोक कर आगे भेजा गया। होल्डिंग एरिया में पुलिसकर्मियों द्वारा रोके जाने से श्रद्धालुओं की और लंबी कतार लग गई। इस बीच श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों के बीच थोड़ी नोकझोंक भी हुई।