तीर्थनगरी मथुरा के वृंदावन में द्वारकाधीश मंदिर में श्रद्धालु मोबाइल का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। शनिवार की सुबह से ही मंदिर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल प्रशासन द्वारा तैनात कर्मचारियों ने पैक कर दिए। मोबाइल को विशेष पाउच में लॉक करने के बाद ही प्रवेश दिया गया।
वृंदावन स्थित बांकेबिहारी मंदिर में भी मोबाइल को प्रतिबंधित करते हुए बाहर ही पाउच में पैक करने का ट्रायल किया गया था। हालांकि बाद में किन्हीं कारणों के चलते यह नियम लागू नहीं किया जा सका।
पीएसए डिजिटल इंडिया लि. कंपनी के सेल्स एंड मार्केटिंग हेड सुभाष महापात्रा ने बताया कि उनकी कंपनी की ओर से नॉन वोविंग क्लॉथ बैग तैयार किया है, जिसके ऊपर क्यूआर कोड लगा है। इस बैग को एक व्यक्ति को पांच रुपए में दिया जाएगा।
श्रद्धालु के मोबाइल को इस बैग में रख जाएगा और बैग आरएफआईडी स्कैनर के जरिये लॉक कर श्रद्धालु को थमा दिया जाएगा। यह व्यवस्था प्रवेश द्वार पर रहेगी। मोबाइल के पाउच में बंद होने पर उसका इस्तेमाल मंदिर परिसर के भीतर फोटो, वीडियो, रील्स बनाने में नहीं किया जा सकेगा।
श्रद्धालु जैसे ही दर्शन कर निकास द्वार पर पहुंचेगा। वहां कंपनी की दूसरी टीम स्कैनर के साथ मिलेगी। यहां श्रद्धालु उन्हें मोबाइल पाउच देंगे। टीम क्यूआर कोड को स्कैन कर बैग को खोलेगी और श्रद्धालु को उसका मोबाइल वापस कर बैग अपने पास रख लेगी। एक बैग को पांच से आठ बार इस्तेमाल किया जा सकेगा।