गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वृंदावन के बेलवन आश्रम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। संत प्रेमानंद महाराज ने दीक्षित परिकरों को आशीर्वाद देकर गुरु के महत्व और आध्यात्मिक जीवन का संदेश दिया।
वृंदावन में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के मुख्य दिवस पर बेलवन आश्रम में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकाल संत प्रेमानंद महाराज ने अपने दीक्षित परिकरों से स्नेहपूर्वक मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
विज्ञापन
गुरु के दर्शन और आशीर्वचन प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में परिकर एवं श्रद्धालु सुबह से ही आश्रम में उपस्थित रहे। संत प्रेमानंद महाराज के आगमन पर दीक्षित परिकरों ने उनके स्वागत में मार्ग पर फूलों की चादर बिछा दी। पूरा वातावरण जयकारों, भजन-कीर्तन और गुरु वंदना से भक्तिमय हो उठा। गुरु के दर्शन करते ही श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और उनके चरणों में नमन कर जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बेलवन आश्रम में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर अपने जीवन में गुरु के महत्व को स्वीकार करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।